रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 7 के स्वास्थ्य विभाग ने तात्यापारा वार्ड स्थित हाण्डी तालाब को जलकुंभी से मुक्त कराने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया। जनशिकायत के त्वरित निराकरण के तहत लगभग 15 सफाई मित्रों की टीम ने तालाब के भीतर फैली जलकुंभी को निकालकर तत्काल उसका निष्पादन किया। जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा एवं जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव के निर्देश तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री आत्मानंद साहू के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान तालाब की व्यापक सफाई कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तालाब में जलकुंभी की अधिकता से जल स्रोत प्रभावित हो रहा था, जिसकी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाई अभियान शुरू किया गया। अभियान के बाद हाण्डी तालाब को जलकुंभी से मुक्त कर स्वच्छ एवं बेहतर स्वरूप प्रदान किया गया।इस अवसर पर निगम की टीम ने तालाब के आसपास जनजागरूकता अभियान भी चलाया। स्थानीय रहवासियों से अपील की गई कि वे तालाब में कचरा एवं गंदगी न डालें तथा अपने वार्ड और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम जोन 7 के स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों के संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि शहर के तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




