छात्र समस्याओं को लेकर एबीवीपी का फूटा गुस्सा, कॉलेज प्रबंधन को दी आंदोलन की चेतावनी

 

छुईखदान। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की छुईखदान इकाई ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में संचालित विद्यालय की अव्यवस्थाओं और छात्र समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रबंधन को चेतावनी भरा ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में परिषद ने विद्यार्थियों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि विद्यालय में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छात्राओं के लिए वाशरूम में सैनिटरी पैड की व्यवस्था नहीं है और नियमित साफ-सफाई के अभाव में गंदगी फैली हुई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।

परिषद ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रबंधन स्वच्छ और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। एबीवीपी ने मांग की कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

ज्ञापन में परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई। परिषद का कहना है कि प्रश्नपत्र निम्न गुणवत्ता वाले स्थानीय कागजों पर छापे जा रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। एबीवीपी ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सुधार की मांग की।

इसके अलावा परीक्षा परिणामों में देरी, ऑनलाइन पोर्टल में विषयों की जानकारी प्रदर्शित नहीं होने तथा अन्य शैक्षणिक अव्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई गई। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं की जानकारी पहले भी मौखिक रूप से दी जा चुकी थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मजबूरन अब ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी देनी पड़ी।

एबीवीपी ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो महाविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, घेराव और व्यापक छात्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान नगर मंत्री ओम महोबिया, हर्ष वर्मा, ऋतिक कडरा, खेमराज पाल, लक्की चंद्राकर, शुभम साहू, देवानंद, अर्णव सिंह, ऐश्वर्य गांगे, एकलव्य श्रीवास, केशव कुमार, प्रवीण नेताम, ओम राजपूत, सागर श्रीवास्तव, उत्कर्ष बघेल, मोक्ष, टीकम रजक, देवू, अमन बघेल, तारेन यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu