डेढ़ किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोलबाजार पुलिस ने मोतीबाग चौक से एक महिला को 1.5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम थाना गोलबाजार की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के सामने एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास रखे सफेद रंग के थैले से 1 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में महिला की पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38) निवासी मोतीबाग चौक, थाना गोलबाजार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पूर्व में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में भी आरोपी रह चुकी है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। साथ ही उसके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश यादव, आरक्षक संदीप सिंह तथा परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक रितु टेकाम, सुनील कुजूर, भास्कर पांडे सहित थाना गोलबाजार पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है