सार्वजनिक जगह पर चाकू लहराने वाले दो युवक गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो स्टील के धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान देव सेन (22) और जितेंद्र सेन (25), दोनों निवासी रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ। पुलिस द्वारा हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है