रायपुर। उरला थाना पुलिस ने बेन्द्री स्थित श्री धनीराम बायो एनर्जी कंपनी में लाखों रुपये की चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी और विधि से संघर्षरत चार बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार कंपनी के सुपरवाइजर गोपाल मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून की सुबह कंपनी पहुंचने पर 16 लाइट, 100 फीट केबल, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, ब्लोअर, ड्रिल मशीन, चार बंडल वायर, डक्ट सेट तथा चाइना मशीन के पार्ट सहित अन्य सामान गायब मिला। शिकायत पर उरला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, कंपनी कर्मचारियों से पूछताछ की तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नया बेन्द्री निवासी संदीप निषाद उर्फ गोलू (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चार विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़कर उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






