जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले को हराभरा और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं वनमंडल सुकमा ने एक अभिनव पहल की है। अब सुकमा में लोगों को पौधे लेने के लिए नर्सरी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रशासन ने ‘मोबाइल ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है, जो घर-घर और मोहल्लों तक पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध करा रहा है।

सोमवार को यह विशेष वाहन पावारास, कुम्हाररास सहित शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचा, जहां लोगों ने उत्साह के साथ पौधे प्राप्त किए। पहले ही दिन करीब 300 हितग्राहियों को 400 फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। अभियान के तहत कटहल, आम, अमरूद, जामुन और मुनगा (सहजन) जैसे उपयोगी एवं फलदार पौधे वितरित किए गए।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना पहला कदम है, लेकिन उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) श्री अक्षय भोंसले ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर में एक पौधा और हर नागरिक की भागीदारी से ही ग्रीन सुकमा का सपना साकार होगा।
‘मोबाइल ट्री एटीएम’ की इस अनूठी पहल की शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य बिंदु
घर-घर पहुंच रहा ‘मोबाइल ट्री एटीएम’
पहले दिन 300 हितग्राहियों को 400 फलदार पौधों का वितरण
कटहल, आम, अमरूद, जामुन और मुनगा के पौधे मिले निःशुल्क
जिला प्रशासन और वनमंडल की संयुक्त पहल
पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को मिलेगा नया आयाम
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






