कलेक्टर अमित कुमार ने किया सम्मानित, उच्च शिक्षा में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के खिलाड़ियों को हराकर शैली गुप्ता बनीं इंटरनेशनल चैंपियन
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाला सुकमा अब खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई बुलंदियां छू रहा है। जिले की होनहार खिलाड़ी शैली गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय मत्सोगी-डो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल सुकमा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है।
नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 24 से 26 जून 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में शैली ने 49 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के खिलाड़ियों को पछाड़कर फाइनल मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीत लिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला
अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के बाद शैली गुप्ता अपने माता-पिता के साथ कलेक्टर श्री अमित कुमार से सौजन्य मुलाकात करने पहुंचीं। कलेक्टर ने उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उनकी उच्च शिक्षा में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला शिक्षाधिकारी जी.आर. मंडावी एवं जिला खेल अधिकारी विरूपाक्ष पौराणिक भी मौजूद रहे।
बदलते सुकमा की नई पहचान
जिला प्रशासन द्वारा खेल सुविधाओं का विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सुकमा के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं शैली
शैली गुप्ता का स्वर्ण पदक केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि बदलते हुए सुकमा की नई पहचान का प्रतीक है। उनकी उपलब्धि जिले के हजारों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी। सुकमा प्रशासन शिक्षा, खेल और युवा विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य करते हुए जिले की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






