पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत केवटाडीह टांगर सहीत आस पास के आठ गांव में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। लीलागर नदी में आए तेज उफान के कारण गांव में पानी घुस गया है और कई घरों में करीब तीन-तीन फीट तक पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
बाढ़ का पानी तेजी से बस्ती में फैलने के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे की मदद से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। परिवार आवश्यक सामान लेकर गांव के ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से रहने को मजबूर हैं। कई घरों में रखे खाद्यान्न, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पानी में भीगने से भारी नुकसान की आशंका है।
लगातार बारिश के चलते गांव की गलियां और संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों में लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि बारिश नहीं थमी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पेयजल और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं पचपेड़ी पुलिस द्वारा हालात पर नजर रखी जा रही है और लोगों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।






