रिस्दा–कुटीघाट के बीच स्थित पुल पर 31 जुलाई तक आवागमन प्रतिबंधित

मस्तूरी/लगातार हुई भारी बारिश के चलते बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-49 पर ग्राम रिस्दा एवं कुटीघाट के बीच लीलागर (लीलागर) नदी पर स्थित उच्च स्तरीय पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग) बिलासपुर ने पुल को आवागमन के लिए असुरक्षित घोषित करते हुए इस पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) बिलासपुर द्वारा 18 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार 16 एवं 17 जुलाई की अतिवृष्टि के कारण पुल के एप्रोच मार्ग का बिटुमिनस हिस्सा बह गया है तथा पुलिया के दोनों ओर रेलिंग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसी स्थिति में पुल से आवागमन करना जोखिमपूर्ण माना गया है।
विभाग ने आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 18 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात प्रभावित न हो।इस पुल के बंद होने से मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र सहित बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के बीच आवागमन करने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रतिदिन इस मार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों, व्यापारियों तथा किसानों को अब लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना होगा।विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुल की मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण होने के बाद ही यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा। तब तक आम नागरिकों से प्रतिबंधित पुल का उपयोग नहीं करने और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की गई है।

Laxmikant
Author: Laxmikant

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज