राजधानी से जनता तक| कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लेपरा में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लंबे समय से चली आ रही रंजिश के बीच बड़े भाई ने छोटे भाई पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम लेपरा निवासी कैलाश धनवार और उसके छोटे भाई मथुरा धनवार के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने टंगिया से छोटे भाई पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तत्काल घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी कैलाश धनवार फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Author: Sangam Dubey
छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com






