बीजापुर 23 जुलाई 2026 / जिले के विकासखंड भैरमगढ़ में शिक्षा विभाग की पहल पर सामाजिक सहभागिता और बच्चों के पोषण को केंद्र में रखकर एक साथ 324 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में न्योताभोज महाअभियान आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में लगभग 16 हजार विद्यार्थियों को स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसा गया।
कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस महाअभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री पूरक पोषण (पीएम पोषण) योजना के अंतर्गत बच्चों को बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।
महाअभियान को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रह्लाद जैन, बीआरसी श्री डी. राय, संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, प्रधान अध्यापकों तथा मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विद्यालयों में स्थानीय उपलब्ध संसाधनों एवं सब्जियों के आधार पर विविध प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। कहीं बच्चों को खीर-पूड़ी और पनीर की सब्जी, तो कहीं हरी सब्जियों, गर्म भोजन और मिष्ठान के साथ विशेष न्योता भोज परोसा गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इस सामूहिक भोज का आनंद लिया।
जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित यह पहल केवल पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालयों में सामाजिक सहभागिता, सामूहिक जिम्मेदारी और अपनेपन की भावना को भी मजबूत कर रही है। इस नवाचार को मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पांडे ने बताया कि सामूहिक न्योता भोज का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बना रहे हैं। भैरमगढ़ की सफलता के बाद अब जिले के अन्य विकासखंडों में भी चरणबद्ध तरीके से सामूहिक न्योता भोज महाअभियान आयोजित किया जाएगा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






