अनुराज साहू जिला प्रमुख / सारंगढ़ बिलाईगढ़ राजधानी से जनता तक
सारंगढ़। जिला में लगातार हो रही अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग को लेकर क्षेत्र वासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। विशेष रूप से ग्राम सोनबला, ग्रापं घोघरा में बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश डंप करने की शिकायतें सामने आने के बाद विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे जिले में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। विधायक ने कलेक्टर को बताया कि – जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करते हुए फ्लाई ऐश डंप की जा रही है, जिससे किसानों की उपजाऊ भूमि प्रभावित हो रही है, भूजल प्रदूषित होने का खतरा बढ़ रहा है तथा आमजन के स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि – नया जिला विकास व स्वच्छ वातावरण के लिए जाना जाना चाहिए, न की अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के लिए। विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने मांग की कि – पूरे सारंगढ़ जिले में चल रही अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी कंपनियों व संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जहां-जहां अवैध डंपिंग की गई है वहां से तत्काल फ्लाई ऐश हटाई जाए।विधायक की मांग पें जिला कलेक्टर ने तत्काल फ्लाई एस डंपिंग पर रोक लगाने की बात कही अधिकारियों को निर्देशित किया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जिले की कृषि, पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को गंभीर एवं दीर्घ कालिक नुकसान होगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर जिले को अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग से मुक्त कराने की मांग की है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






