15 अगस्त से शुरू होगा केरलापाल पंचायत कैफ़े, जिला सीईओ ने पोंगाभेज्जी आश्रम में बच्चों के साथ हल किए गणित के सवाल

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा – जिले में ग्रामीण आजीविका और शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर ने बुधवार को ग्राम पंचायत केरलापाल पहुंचकर निर्माणाधीन पंचायत कैफ़े का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर कैफ़े के संचालन, स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और बेहतर प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। यह पंचायत कैफ़े 15 अगस्त से आम नागरिकों के लिए शुरू किए जाने की तैयारी है। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इसके बाद जिला सीईओ बालक आश्रम पोंगाभेज्जी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने सामान्य ज्ञान और गणित के सवाल पूछे तथा स्वयं भी छात्रों के साथ गणित के प्रश्न हल कर उनकी शैक्षणिक क्षमता का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

निरीक्षण के दौरान श्री ठाकुर ने छात्रावास में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी जांची। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से चावल परोसकर आत्मीयता का परिचय दिया, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने जिला सीईओ को अपने बीच पाकर खुशी व्यक्त की।

जिला प्रशासन का कहना है कि शिक्षा, पोषण, गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। केरलापाल पंचायत कैफ़े और पोंगाभेज्जी आश्रम का यह निरीक्षण प्रशासन की जनहितैषी एवं संवेदनशील कार्यशैली का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है