जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में माओवाद नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुकमा में आयोजित सम्मान एवं विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में एसपी मयंक गुर्जर ने एसडीओपी दोरनापाल निशांत पाठक, एसडीओपी मराईगुड़ा शिखर मरावी, डीएसपी रजत नाग, डीएसपी रविकांत सहारे, मुख्यालय डीएसपी मोनिका श्याम तथा एसडीओपी चिंतागुफा प्रांशु तिवारी को पुलिस मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उत्कृष्ट सेवा देते हुए जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान स्थानांतरित अधिकारियों ने सुकमा में बिताए अपने अनुभव साझा किए और पुलिस परिवार, वरिष्ठ अधिकारियों तथा सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की ने भी सभी अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए नई पदस्थापना पर सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
विदाई समारोह में रक्षित निरीक्षक रवि उपाध्याय, कोतवाली प्रभारी रोशन राजपूत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव से परिपूर्ण रहा।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है





