हर घर तिरंगा’ अभियान: शहीद जवानों के परिजनों को तिरंगा भेंट कर भाजयुमो ने किया सम्मान

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने नक्सली हमलों में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों का सम्मान कर राष्ट्रभक्ति और कृतज्ञता का संदेश दिया। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश नेतृत्व के निर्देश तथा भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टीकरिया के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे बस्तर संभाग में चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 5 अगस्त 2026 को भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष मड़कम भीमा के मार्गदर्शन में दोरनापाल मंडल के अंतर्गत शहीद जवानों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सम्मानपूर्वक तिरंगा भेंट किया गया। इस दौरान वर्ष 2018 में बिराभट्टी क्षेत्र में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए मड़कम हांदा की धर्मपत्नी श्रीमती किचे सोनी तथा वर्ष 2020 में मिनपा नक्सली हमले में शहीद हुए प्रधान आरक्षक मड़कम मासा की धर्मपत्नी श्रीमती मड़कम सविता को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर उनके परिवार के अद्वितीय त्याग और बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर मड़कम भीमा ने कहा कि बस्तर की धरती अनेक वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की साक्षी रही है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घर-घर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन अमर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी माध्यम है, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का नैतिक दायित्व है और युवाओं को उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।

गौरतलब है कि शहीद मड़कम हांदा वर्ष 2018 में बिराभट्टी क्षेत्र में नक्सलियों से वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए शहीद हुए थे। वहीं 31 मार्च 2020 को चिंतागुफा थाना क्षेत्र के मिनपा में हुए भीषण नक्सली हमले में 21 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे, जिनमें प्रधान आरक्षक मड़कम मासा भी शामिल थे। दोनों वीर जवानों ने बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प के साथ मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

कार्यक्रम में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता, जिला मंत्री शेख आसिफ अली, जिला मंत्री अभय सिंह भदौरिया, मंडल महामंत्री शुभम सिंह चौहान, मंडल उपाध्यक्ष सूरज क्षत्रिया, आर्यन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है