तुमलपाड़ क्रेशर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश नाग ने उठाए ग्रामसभा, पेसा, खनन और विस्फोटक उपयोग से जुड़े सवाल

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले के कोंटा विकासखंड अंतर्गत तुमलपाड़ क्षेत्र में संचालित क्रेशर को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश नाग ने क्रेशर संचालन से जुड़े नियम-कायदों और विभिन्न अनुमतियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग जिला प्रशासन से की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पाँचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्रामसभा की अनुमति तथा पेसा कानून के प्रावधानों का पालन किए बिना क्रेशर एवं संबंधित गतिविधियां संचालित की गईं।
राजेश नाग ने कहा कि मामले में खनिज विभाग, वन विभाग, ग्रामसभा की अनुमति, पेसा कानून और भूमि संबंधी स्वीकृतियों की जांच आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि अधिकारियों अथवा संबंधित ठेकेदार द्वारा नियमों की अनदेखी कर क्रेशर संचालन की अनुमति या प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है, तो यह गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विस्फोटक सामग्री के उपयोग पर भी उठाए सवाल
बस्तरिया राज युवा मोर्चा ने तुमलपाड़ क्षेत्र में पत्थरों की ब्लास्टिंग के लिए कथित रूप से विस्फोटक सामग्री के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए हैं। नाग ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि ब्लास्टिंग के लिए विस्फोटक सामग्री के उपयोग की अनुमति किस स्तर से और किन नियमों के तहत दी गई थी।
उन्होंने क्रेशर संचालन, खनन गतिविधियों, वन भूमि से संबंधित अनुमति तथा अन्य वैधानिक स्वीकृतियों के दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के हित और गिट्टी परिवहन का मुद्दा
राजेश नाग के अनुसार, बस्तरिया राज युवा मोर्चा के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीणों ने क्रेशर संचालन को लेकर अपनी आपत्तियां प्रशासन के समक्ष रखी हैं। मोर्चा का आरोप है कि ग्रामीणों से किए गए वादों के बावजूद ठेकेदार द्वारा गिट्टी का परिवहन दूसरे राज्यों तक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि गिट्टी का परिवहन महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश तक किया जा रहा है, तो इसके लिए आवश्यक दस्तावेज, अनुमति, रॉयल्टी, परिवहन व्यवस्था और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि स्थानीय क्षेत्र के विकास के नाम पर संचालित गतिविधियों का वास्तविक लाभ क्षेत्र के ग्रामीणों को कितना मिल रहा है।
सभी दस्तावेजों की जांच की मांग
बस्तरिया राज युवा मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तुमलपाड़ क्रेशर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। संगठन ने खनन, वन, ग्रामसभा, पेसा कानून, भूमि उपयोग, विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल तथा गिट्टी के परिवहन एवं बिक्री से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की मांग की है।
नाग ने कहा कि जांच में यदि किसी अधिकारी, कंपनी अथवा ठेकेदार द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कार्यालय घेराव की चेतावनी
बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश नाग ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन के नेतृत्व में जिला कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी संपूर्ण जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।
नोट: क्रेशर संचालन और नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोप संगठन द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र प्रशासनिक जांच और संबंधित विभागों के दस्तावेजों से पुष्टि होना बाकी है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है