अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जल संरक्षण की ली शपथ, गांव-गांव चला जल संचय जनभागीदारी अभियान

मोर गांव–मोर पानी अभियान की दिखी सार्थकता, महिलाओं की भागीदारी से हो रहा सोक पिट , वॉटर हार्वेस्टिंग निर्माण

जांजगीर-चांपा, 08 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले में “मोर गांव – मोर पानी” अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। विश्व महिला दिवस के अवसर पर जिलेभर के गांवों में जल संचय जनभागीदारी अभियान चलाया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के तहत गांव-गांव में जनभागीदारी से सोक पिट निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीणों को रिचार्ज पिट, सोखता गड्ढा तथा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वर्षा जल का अधिक से अधिक संचयन कर भू-जल स्तर को बढ़ाया जा सके।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं और ग्रामीणों ने जल संरक्षण की शपथ ली और अपने घरों व गांवों में जल संचय के उपाय अपनाने का संकल्प व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि जल संरक्षण केवल प्रशासन का नहीं बल्कि पूरे समाज का दायित्व है, जिसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “मोर गांव – मोर पानी” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गांव में जल संरक्षण की मजबूत व्यवस्था तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यदि हर घर में रिचार्ज पिट और सोखता गड्ढा बनाए जाएं तो वर्षा जल का संरक्षण कर भविष्य में जल संकट से बचा जा सकता है। विश्व महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को विशेष रूप से अभियान से जोड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि जल संकट का प्रभाव सबसे अधिक महिलाओं पर पड़ता है, इसलिए “जल शक्ति से ही नारी सशक्त होती है” संदेश के साथ महिलाओं को जल संरक्षण की पहल में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से रैली, कार्यशाला, दीवार लेखन और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें ग्रामीणों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास वर्षा जल संचयन की व्यवस्था कर जल संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज