एनटीपीसी सीपत की स्वच्छता रैली में उमड़ा जनसैलाब, 800 लोगों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

सीपत। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत एनटीपीसी सीपत द्वारा शनिवार को आयोजित विशाल स्वच्छता जागरूकता रैली और सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम में जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में करीब 800 लोगों ने हिस्सा लेकर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।

एनटीपीसी सीपत के मुख्य द्वार से शुरू हुई रैली लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सीपत हाट पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने तथा अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के तहत मुख्य द्वार से सीपत हाट तक चिन्हित आठ स्थानों पर विशेष श्रमदान किया गया। इस दौरान लंबे समय से जमा कूड़ा-कचरा हटाकर क्षेत्र की व्यापक सफाई की गई। मुख्य मार्ग से लगे बलदेव तालाब क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी संदेश प्रदर्शित कर नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।

कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा उनके परिजन, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक-विद्यार्थी, स्थानीय पुलिस प्रशासन, संविदा एजेंसियों के कर्मचारी, ठेका श्रमिक, ग्रामीणजन और पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

सीपत हाट पहुंचने पर परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल सहित अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद किया तथा स्वच्छ परिवेश के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्री मंडल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

एनटीपीसी प्रबंधन ने बताया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूर्व में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सीआईएसएफ, बाल भारती पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय, पुलिस प्रशासन, संविदा एजेंसियों तथा प्रेस प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गई थीं, जिसके सकारात्मक परिणाम कार्यक्रम में दिखाई दिए।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन) अशोक सरकार, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) विकास खरे, अपर महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) अनुराग गौतम, मानव संसाधन प्रमुख जयप्रकाश सत्यकाम सहित सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सलभ निगम, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि 16 से 31 मई तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत एनटीपीसी सीपत द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, स्वच्छता शपथ तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति एनटीपीसी सीपत की प्रतिबद्धता को मजबूती मिल रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज