कलेक्टर ने परखी डिजिटल गिरदावरी और आयुष्मान शिविरों की जमीनी हकीकत, मेगा शिविरों का लिया जायजा

पालेम में कलेक्टर अमित कुमार ने खुद किया हितग्राही देवे वेट्टी का आयुष्मान पंजीयन, ग्रामीणों को शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के लिए किया प्रेरित

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

 

सुकमा। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सोमवार को छिंदगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों का सघन फील्ड भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं मेगा आयुष्मान शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पालेम, कावराकोपा, पेरमारास और टाहकवाड़ा पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

पालेम में कलेक्टर ने खुद किया आयुष्मान पंजीयन

पालेम पंचायत में आयोजित आयुष्मान कार्ड शिविर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने स्वास्थ्य अमले से पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्वयं कंप्यूटर पर बैठकर हितग्राही देवे वेट्टी का आयुष्मान पंजीयन किया।

कलेक्टर ने पोर्टल पर हितग्राही का आवश्यक विवरण दर्ज करने के साथ ही उनका फोटो भी स्वयं लिया। प्रशासन के मुखिया द्वारा स्वयं पंजीयन प्रक्रिया में भाग लेने से शिविर में मौजूद ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुरक्षा सुविधा का लाभ उठाएं।

डिजिटल गिरदावरी का किया स्थल निरीक्षण

कलेक्टर ने कावराकोपा गांव में संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे (गिरदावरी) का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से डिजिटल गिरदावरी की प्रक्रिया और प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि खेतों में जाकर जियो-टैग्ड फोटो के माध्यम से फसल एवं भूमि संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की व्यवस्था से गिरदावरी कार्य में पारदर्शिता बढ़ी है। तकनीक आधारित इस व्यवस्था से वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड तैयार होने के साथ ही अनियमितताओं और फर्जीवाड़े की संभावनाएं भी कम हुई हैं।

पेरमारास और टाहकवाड़ा के शिविरों का भी लिया जायजा

फील्ड भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने एसडीएम छिंदगढ़ श्री पी.वी. खेस की उपस्थिति में पेरमारास और टाहकवाड़ा में संचालित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, हितग्राहियों की उपस्थिति, पंजीयन की प्रगति और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और योजनाओं का लाभ सहज एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

अंतिम छोर तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा गांव-गांव में मेगा आयुष्मान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। छिंदगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों में अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

कलेक्टर की सक्रिय फील्ड मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की योजनाओं को लेकर विश्वास और जागरूकता बढ़ रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार शासकीय स्वास्थ्य सुरक्षा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज