कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

जांजगीर-चांपा, 22 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों, किसानों के लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), एग्रीस्टेक पंजीयन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, समय सीमा के लंबित प्रकरण, मानसून पूर्व तैयारियों तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद, बीज समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न हो। उन्होंने पात्र किसानों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने के निर्देश देते हुए सहकारी बैंकों के साथ-साथ अन्य शासकीय एवं निजी बैंकों के माध्यम से भी केसीसी ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही करने कहा। साथ ही एग्रीस्टेक पंजीयन शेष बचे किसानों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों से संपर्क स्थापित कर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर ने जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने एवं लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन तथा समय-सीमा के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का समीक्षा कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिकाधिक हितग्राही इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की मरम्मत समय पर की जाए तथा विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न आने पाए। इसी प्रकार पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्व प्रकरणों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से विभागवार लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है