दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, अस्पतालों में बढ़ रहे गर्मी जनित मरीज
छुईखदान — प्रदेश में इस वर्ष गर्मी ने शुरुआती दौर में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसका असर छुईखदान नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
शनिवार को क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। नगर सहित आसपास क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक माना जा रहा है। देर रात तक गर्म हवाएं चलने और उमस बने रहने से लोग बेचैनी महसूस कर रहे हैं। पंखे और कूलर भी लोगों को राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम दिखाई दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों और निर्माण कार्यों में लगे मजदूर भी गर्मी के कारण प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पेट दर्द, उल्टी-दस्त, बुखार, डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप और लू के कारण बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार लंबे समय तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है, जो गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है।
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में अगले पांच दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार सूखी हवाओं और साफ आसमान के कारण गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है। विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। यदि तापमान में लगातार वृद्धि होती रही तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।




