पेट्रोल-डीजल और गैस कीमत वृद्धि पर सरकार जनता से माफी मांगे
छुईखदान। जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की प्रभारी एवं पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने छुईखदान कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार” आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। महंगाई, बिजली दर वृद्धि, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और किसानों की समस्याओं से जनता बेहाल है।
उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव के दौरान सरकार “मूक-बधिर” बनी रही, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। इसका सीधा असर आम नागरिकों की जिंदगी पर पड़ा है। पेट्रोल पंपों में लंबी कतारें लग रही हैं और व्यापार-व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।
दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़े
प्रतिमा चंद्राकर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से सीमेंट, सरिया, मकान निर्माण सामग्री सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ गए हैं। छोटे व्यवसायियों और मध्यम वर्ग के लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार को “जनता विरोधी” बताया।
बिजली दर वृद्धि पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है और यहां सरप्लस बिजली की स्थिति होनी चाहिए, लेकिन इसके बावजूद बिजली बिलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे आम नागरिकों के साथ किसान भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि “बिजली हाफ योजना” अब कहीं नजर नहीं आ रही है।
महतारी वंदन योजना पर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर केवल “नौटंकी” कर रही है। एक तरफ महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महंगाई का बोझ कई गुना बढ़ा दिया गया है। केवाईसी प्रक्रिया के लिए महिलाओं को बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
धान खरीदी में देरी से किसान परेशान
उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार 15 नवंबर से खरीदी शुरू कर किसानों को परेशान किया गया। ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया में भी किसान भटकते रहे और कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए।
गैस सिलेंडर महंगा, महिलाएं परेशान
प्रतिमा चंद्राकर ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और 45 दिन में एक सिलेंडर देने के फैसले से महिलाओं को परेशानी हो रही है। महिलाएं अब लकड़ी और इलेक्ट्रिक चूल्हों का सहारा लेने को मजबूर हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गैस सिलेंडर को लेकर आंदोलन करने वाली नेता अब महिलाओं की समस्याओं पर चुप हैं।
NEET परीक्षा पर भी उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं। छात्रों ने सालभर मेहनत की, लेकिन परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस सड़क की लड़ाई लड़ने तैयार
प्रतिमा चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। आने वाले दिनों में कांग्रेस की विभिन्न इकाइयां आंदोलन करेंगी।
प्रेसवार्ता में विधायक यशोदा वर्मा, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू, रामकुमार पटेल, विजय वर्मा, जिला महामंत्री सज्जाक खान, रिंकू गुप्ता, आलोक यादव, सरिता पांडे, भुनेश्वरी रानी, आरती, रिंकी महोबिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




