तेंदूपत्ता गोदामों की सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ प्रशासन

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर कलेक्टर-डीएफओ का औचक निरीक्षण, 24 घंटे निगरानी के आदेश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। बीजापुर में हुई आगजनी की घटना के बाद सुकमा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर जिले के सभी तेंदूपत्ता गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर अमित कुमार और वन मंडलाधिकारी अक्षय दिनकर भोसले ने प्रशासनिक टीम के साथ तेंदूपत्ता गोदामों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण दल में पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर सहित प्रशासन, वन, पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद सुरक्षा संसाधनों की बारीकी से जांच करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
फायर सिस्टम और पानी की व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान फायर फाइटिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, पानी की उपलब्धता और आपातकालीन सुरक्षा संसाधनों की जांच की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी फायर उपकरण हर समय कार्यशील स्थिति में रहें और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तेंदूपत्ता गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रबंधकों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
बीजापुर की घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सभी गोदामों में 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा गार्डों को लगातार सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना प्रशासन और पुलिस को देने को कहा गया है।
ग्रामीणों की आजीविका से जुड़ी है तेंदूपत्ता संपदा
तेंदूपत्ता जिले की महत्वपूर्ण वनोपज संपदा मानी जाती है, जिससे हजारों ग्रामीण और संग्राहक परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में इसकी सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रभारी मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन लगातार निगरानी और सुरक्षा उपायों को मजबूत कर रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सतर्क प्रशासन, सुरक्षित वनोपज
सुकमा प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले की वनोपज संपदा की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लगातार निरीक्षण और कड़े सुरक्षा इंतजामों से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने की दिशा में प्रशासन सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज