हर घर तिरंगा अभियान को मिला प्रशासनिक संबल, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रगौरव और तिरंगे के सम्मान का संकल्प
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
राजधानी से जनता तक/सुकमा। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर शांति, विकास और राष्ट्रनिर्माण की नई राह पर आगे बढ़ रहे सुकमा जिले में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस विशेष उत्साह और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। नक्सलवाद के समाप्ति के बाद प्रथम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर (IAS) ने अभिनव पहल करते हुए जिला पंचायत के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किया।

जिला पंचायत परिसर में आयोजित इस पहल के माध्यम से प्रशासन ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को नई मजबूती प्रदान करते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा स्वीकार करते हुए स्वतंत्रता दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर को गौरव के साथ मनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने कहा कि तिरंगा केवल देश की आन-बान-शान का प्रतीक नहीं, बल्कि यह हमारे त्याग, संघर्ष, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र के प्रति समर्पित भावना से कार्य करने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि सुकमा अब भय और नक्सलवाद की पहचान से आगे बढ़कर शांति, विकास और विश्वास की नई पहचान बना रहा है। ऐसे समय में स्वतंत्रता दिवस का यह अवसर जिले के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रशासनिक अमले की यह पहल समाज के प्रत्येक वर्ग तक राष्ट्रभक्ति और विकास के संदेश को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी तिरंगे के सम्मान को अपने कार्य और व्यवहार में जीवंत रखने तथा सुकमा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
नक्सलवाद के साये से निकलकर राष्ट्रध्वज की छांव में विकास की ओर बढ़ता सुकमा—इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस जिले के बदलते स्वरूप और नई उम्मीदों का प्रतीक बन गया है।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।





