नारद जयंति पर पत्रकार सम्मान समारोह संपन्न, पत्रकारों की भूमिका पर हुआ मंथन

“असली हीरो हमारे जवान हैं, पत्रकार समाज की जिम्मेदारी समझें” — प्रियंका कौशल

“नक्सलवाद की समाप्ति में मीडिया की भूमिका अहम” — डीआईजी अरविंद सिंह राजपुरोहित

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। शबरी माता जनकल्याण सेवा समिति, सुकमा द्वारा देवर्षि नारद जयंति के अवसर पर पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के दो दर्जन से अधिक पत्रकारों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। समारोह में पत्रकारिता, समाज और बदलते दौर में मीडिया की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार प्रियंका कौशल ने कहा कि बस्तर के सामने आज भी कई चुनौतियां मौजूद हैं और समाज को विभाजनकारी शक्तियों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और विकास की प्रक्रिया में सुरक्षा बलों और स्थानीय समाज के योगदान को समझना जरूरी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पत्रकारिता का उद्देश्य समाज के प्रति जिम्मेदारी और संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद से पत्रकारों को लोकमंगल, गतिशीलता, निर्भीकता और विश्वसनीयता जैसे गुण सीखने चाहिए। साथ ही उन्होंने बस्तर में कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले पत्रकारों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के पत्रकारों ने अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने दायित्व का निर्वहन किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ के डीआईजी अरविंद सिंह राजपुरोहित ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। मीडिया ने लोगों को जागरूक करने और विभिन्न मुद्दों को समाज तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर की पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण है और खबरों में तथ्य, संतुलन और जिम्मेदारी बनाए रखना आवश्यक है।

जनसंपर्क अधिकारी सागर वारे ने कहा कि बदलते समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने समाज में जागरूकता, शिक्षा और सकारात्मक परिवर्तन के लिए पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चमन लाल साहु ने की। सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र सिंह भदौरिया ने कहा कि समाज को आज भी मीडिया से उम्मीद है और समाचारों की प्रस्तुति की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है।

श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष पी. राजेंद्र ने कहा कि सुकमा जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पत्रकारों ने कठिन परिस्थितियों में भी कार्य किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने पत्रकारों, शिक्षकों, सुरक्षा बलों और समाज के सभी वर्गों के योगदान की सराहना की।

अधिवक्ता एवं महिला आयोग सदस्य दीपिका शोरी ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को उठाकर समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन लीलाधर राठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डा. अनमय बिंदवई ने किया। समारोह का समापन पत्रकारों के सम्मान और समाज हित में सकारात्मक पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज