जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। राजस्व पटवारी संघ, जिला शाखा सुकमा ने मंगलवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पटवारियों की वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने तथा वेतन विसंगतियों का निराकरण करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
संघ ने ज्ञापन में बताया कि पदोन्नति के लिए अब तक कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं होने से कई पटवारी लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत हैं। इससे कर्मचारियों के मनोबल और कार्यकुशलता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पटवारी संघ की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।
राज्य निरीक्षक (आरआई) के रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की जाए।
आरआई के रिक्त पद केवल पटवारियों से ही भरे जाएं।
पदोन्नति के लिए 50 प्रतिशत वरिष्ठता एवं 50 प्रतिशत विभागीय परीक्षा का स्पष्ट नियम लागू किया जाए।
विभिन्न भर्ती वर्षों के कारण उत्पन्न वेतन विसंगतियों का परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं न्यायसंगत निराकरण किया जाए। संघ ने कहा कि समान पद पर कार्यरत कर्मचारियों के बीच वेतन में असमानता से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसलिए शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पटवारियों को राहत प्रदान करने की अपील की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्व पटवारी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






