पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी की 132वीं जयंती पर विशेष आयोजन

 

मातृभूमि के नाम श्रमदान अभियान में जुटे नागरिक, साहित्यकार को दी श्रद्धांजलि

खैरागढ़ । संगीत, साहित्य और संस्कृति की नगरी खैरागढ़ में हिंदी साहित्य के महान साहित्यकार, माटी पुत्र एवं युगद्रष्टा चिंतक पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी की 132वीं जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद खैरागढ़, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं पीएमश्री पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शाला परिवार के संयुक्त तत्वावधान में “श्रमदान अपनी मातृभूमि के नाम” विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राजा फतेह सिंह मैदान से हुई, जहां नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, पत्रकारों, साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया।

स्वच्छता अभियान के पश्चात सभी सहभागी पीएमश्री पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शाला पहुंचे, जहां बख्शी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य अनुराग सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि श्रीमती वंदना टांडेकर ने स्वच्छता अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बख्शी जी के साहित्यिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी जयंती को और अधिक व्यापक स्वरूप देने के लिए संस्कृति विभाग को विशेष प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नालंदा परिसर में बख्शी जी की रचनाओं और साहित्य को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने हेतु एक विशेष कक्ष विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि बख्शी जी ने खैरागढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रुपेश कुमार देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शाला विकास समिति के अध्यक्ष शशांक ताम्रकार ने किया। आयोजन में बख्शी जी के पौत्र नितेश बख्शी, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, साहित्यकारों, पत्रकारों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

पूरे आयोजन के दौरान मातृभूमि प्रेम, स्वच्छता, सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश गूंजता रहा। उपस्थित नागरिकों ने ऐसे जनजागरण अभियानों में भविष्य में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Deendayal Yadu
Author: Deendayal Yadu

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज