जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। शिक्षा के क्षेत्र में सुकमा जिले का नाम रोशन करने वाली होनहार छात्रा मुस्कान टावरी को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने सम्मानित किया। मुस्कान ने शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान (एमएससी) फाइनल परीक्षा में 90.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने मुस्कान को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करता है।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह भी मौजूद रहे। उन्होंने मुस्कान को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हासिल की गई ऐसी उपलब्धियां पूरे जिले का गौरव बढ़ाती हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
मुस्कान टावरी की इस उल्लेखनीय सफलता पर उनके पिता अनिल टावरी, परिवारजनों, शुभचिंतकों और जिलेवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलेभर में उनकी उपलब्धि को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में मुस्कान की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सुकमा जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






