बजट 2026–27 विकसित छत्तीसगढ़ विजन के अनुरूप: डॉ. सुभाऊ कश्यप

अटल सदन भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बजट को बताया समावेशी विकास का रोडमैप

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – अटल सदन भाजपा जिला कार्यालय में पूर्व विधायक बस्तर डॉ. सुभाऊ कश्यप द्वारा बजट 2026–27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को “विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़” विजन के अनुरूप बताया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण सिंह भदौरिया, नगर पालिका अध्यक्ष हूँगाराम मरकाम, जिला उपाध्यक्ष नुपुर वैदिक, दिलीप पेद्दी, नक्का आनंद कुमार, पार्षद रमेश कर्मा, जिला मंत्री संजय सोढ़ी, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत बारठ, जिला प्रवक्ता रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।

डॉ. कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह तीसरा बजट “संकल्प” की थीम पर आधारित है, जो समावेशी विकास, मजबूत अधोसंरचना, निवेश, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार सृजन पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह बजट यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

पांच मुख्यमंत्री मिशन से विकास को नई रफ्तार

डॉ. कश्यप ने बताया कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए सरकार ने मिशन मोड में काम करते हुए पांच मुख्यमंत्री मिशन शुरू किए हैं –

मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन

मुख्यमंत्री एआई मिशन

मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन

मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन

इन मिशनों के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा, नई धार और नई गति मिलेगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर विशेष फोकस

उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा के लिए 13.5 प्रतिशत बजट का प्रावधान किया गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। इसके साथ ही बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी की स्थापना की जाएगी, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव आएगा।

सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा हेतु बजट प्रावधान किया गया है। वहीं, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 13,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की अंतर राशि आगे भी एकमुश्त दी जाएगी।

बस्तर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता

डॉ. कश्यप ने कहा कि बस्तर और सरगुजा का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यहां खाद्य एवं कृषि आधारित उद्योगों के लिए 100 करोड़ रुपए, 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़, मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़, तथा भूमि विकास बैंक योजना के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बराज निर्माण हेतु 2000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट रखा गया है, जिससे सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

रोजगार, पर्यटन और सुरक्षा को मजबूती

उन्होंने बताया कि बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां, होमस्टे योजना के लिए 10 करोड़ रुपए, पांच नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन, हवाई सेवा विस्तार, मुख्यमंत्री बस सेवा, बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक्स, व्यापम की दक्षता बढ़ाने, छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना तथा लखपति दीदियों के भ्रमण हेतु भी बजट में प्रावधान किया गया है।

“संकल्प” के साथ समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर

डॉ. कश्यप ने कहा कि “संकल्प” थीम पर आधारित यह बजट समाज के हर वर्ग के उत्थान और प्रदेश की समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस दूरदर्शी बजट के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

यह बजट छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रस्तुत करता है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है