राजधानी से जनता तक / चरण सिंह क्षेत्रपाल
देवभोग-गरियाबंद जिले के विकासखंड देवभोग अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े लाटापारा में समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से एक जरूरतमंद आदिवासी बुजुर्ग को व्हील चेयर प्रदान की गई। शासन की इस पहल से बुजुर्ग को आवागमन में राहत मिलने के साथ ही उनके दैनिक जीवन में सुविधा उपलब्ध होगी। व्हील चेयर मिलने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने शासन और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण क्षेत्र में जरूरतमंद दिव्यांग एवं बुजुर्ग लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बड़े लाटापारा में आयोजित इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बुजुर्ग को व्हील चेयर प्रदान कर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा नेता एवं समाजसेवक चवन लाल बघेल ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में ऐसे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में गांव के माटी पुजारी केशबो राम, भूतपूर्व उपसरपंच पुरुषोत्तम गोपाल, अधिराम मरकाम, मदन यादव, भंवर सिंह, मनहरण चतुर्वेदी सहित क्षेत्र की संकीर्तन मंडली के गुरु परशुराम बाघ एवं अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि व्हील चेयर मिलने से बुजुर्ग को घर के आसपास आने-जाने तथा दैनिक कार्यों में काफी सुविधा होगी। इस तरह की सहायता जरूरतमंद लोगों के लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्म-निर्भरता को बढ़ाने का माध्यम भी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने समाज कल्याण विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जब जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है, तभी जनकल्याण की भावना सार्थक होती हैं। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र के पात्र बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की अपेक्षा जताई।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






