राजधानी से जनता तक/आरंग। आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मजीठा में बनी पानी टंकी दो साल बाद भी शुरू नहीं हो पाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। भीषण गर्मी और शादी सीजन के बीच गांव में पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता एवं भैंसा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मार्कंडेय ने क्षेत्रीय विधायक और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
प्रकाश मार्कंडेय ने कहा कि ग्राम मजीठा में पानी टंकी का निर्माण करीब दो वर्ष पहले पूरा हो चुका है। टंकी का टेस्टिंग कार्य भी किया जा चुका है तथा गांव के अधिकांश घरों में नल कनेक्शन लगाए जा चुके हैं, इसके बावजूद आज तक ग्रामीणों को पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि गांव में केवल एक ही तालाब है, जो पूरी तरह सूख चुका है। तालाब में अब तक पानी भराव नहीं कराया गया है, जबकि आसपास के गांवों के तालाबों में पानी उपलब्ध है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने निस्तारी और पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री गुरु खुशवंत साहेब गांव की इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी टंकी निर्माण से जुड़े ठेकेदार और प्रशासन भी मामले में मौन बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है।
प्रकाश मार्कंडेय ने मांग की है कि ग्राम मजीठा की पानी टंकी को जल्द से जल्द चालू किया जाए और गांव में पेयजल संकट दूर करने के लिए प्रशासन त्वरित कार्रवाई करे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
Author: ISHWAR NAURANGE
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




