सौरभ यादव/राजधानी से जनता तक

तिल्दा नेवरा :- ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवा केंद्र में मेडिकल विंग द्वारा मितानिन दिवस (23 नवंबर) के अवसर पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं मितानिन दीदियों के सम्मान का भावपूर्ण और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और सकारात्मकता को प्रोत्साहित करने का सुंदर प्रयास रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथियों में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी रंजना ठाकुर, भाजपा ग्रामीण जिला मंत्री एवं पूर्व सरपंच बहन अनुराधा वर्मा, शहरी विकासखंड कार्यक्रम अधिकारी बहन ममता सुनानी, समाजसेविका एवं गौसेविका बहन सिमरन खुबचंदानी तथा बी.सी. प्रबंधक बहन इश्वरी कश्यप विशेष रूप से उपस्थित थीं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती रंजना ठाकुर जी ने कहा कि मितानिन बहनों के साथ विभाग का सीधा और निरंतर संपर्क रहता है। वे उनकी कठिन सेवाओं, अथक परिश्रम और ज़मीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की निकट साक्षी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा मितानिन बहनों का सम्मान करना अत्यंत सराहनीय पहल है। आगे उन्होंने बताया कि यह उनका इस संस्था के किसी कार्यक्रम में प्रथम आगमन है, जिसके लिए उन्होंने आयोजकों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
भाजपा जिला ग्रामीण मंत्री एवं पूर्व सरपंच बहन अनुराधा वर्मा ने विस्तृत रूप से मितानिन बहनों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गर्भावस्था के प्रारंभिक चरण से लेकर शिशु के जन्म तथा उसके स्वस्थ विकास तक हर कदम पर मितानिन दीदियाँ महिलाओं और बच्चों की देखभाल करती हैं। यह कार्य समाज-निर्माण और राष्ट्र-निर्माण की अत्यंत महत्त्वपूर्ण कड़ी है, जिसके लिए हर मितानिन बहन विशेष धन्यवाद और सम्मान की पात्र है।
समाजसेविका एवं गौसेविका बहन सिमरन खुबचंदानी ने कहा कि सेवा के मार्ग पर कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति वंदनीय है। मितानिन बहनों की अथक सेवाएँ समाज में आशा और संवेदना की किरण जगाती हैं। वे अपने घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्व का भी उत्कृष्ट निर्वहन कर रही हैं। इसी सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने हेतु यह समारोह आयोजित किया गया है।
शहरी विकासखंड कार्यक्रम अधिकारी बहन ममता सुनानी ने कहा कि मितानिन बहनों से उनका नियमित संपर्क रहता है, परंतु आज इस पावन स्थल पर उनका आभार व्यक्त करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिसके लिए वह आयोजकों की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना, मंच संचालन और सभी व्यवस्थाएँ करना अत्यंत परिश्रम का कार्य है, जिसे संस्था ने बहुत सुंदर ढंग से पूरा किया है। उन्होंने विशेष रूप से रानी बहन और सौरभ भाई का भी उल्लेख किया, जिन्होंने मितानिन बहनों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके सम्मान के इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वार्ड 21 की पार्षद बहन रानी सौऱभ जैन एवं श्री सौऱभ जैन ने भी मंच से ब्रह्माकुमारीज़ संस्था और सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों की निरंतर सेवा, समर्पण और कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों के प्रति सम्मान दर्शाते हुए संस्था ने जो पहल की है, वह प्रशंसनीय है।
इसके पश्चात कार्यक्रम का संचालन और संस्थागत प्रतिनिधित्व बी.के. प्रियांका बहन ने किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था का परिचय देते हुए इसकी सेवाओं, निःशुल्क आध्यात्मिक शिक्षाओं तथा राजयोग ध्यान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जहाँ सरकार शरीर की बीमारियों से बचाव के लिए प्रशिक्षण देती है, वहीं मन की बीमारियों—डर, तनाव, ईर्ष्या, द्वेष और अशांति—को दूर करने के लिए मानसिक शक्ति और आत्म-सशक्तिकरण आवश्यक है। राजयोग ध्यान मन को ऊर्जावान, स्थिर और सकारात्मक बनाने में अत्यंत प्रभावी साधन है।
अंत में सभी मितानिन बहनों को थर्मामीटर, हैंडबैग, पानी की बोतल, पेन आदि उपयोगी सौगातें भेंट कर सम्मानित किया गया। बी.के. प्रियांका दीदी ने सभी को राजयोग ध्यान का अनुभव भी कराया, जिसमें उपस्थित बहनों ने गहन मानसिक शांति, स्थिरता और आत्म-संतोष का अनुभव किया। आज के तनावपूर्ण जीवन में मन की शांति के ऐसे अभ्यासों को अत्यंत आवश्यक बताया गया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




