मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से पुनर्वास तक, सुकमा में दिखी विकास की नई रफ्तार

चेन्नई के मीडिया अध्ययन दल ने देखा बदलता सुकमा, सुरक्षा, विकास और पुनर्वास के जमीनी मॉडल से हुए अभिभूत

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा। कभी नक्सलवाद की चुनौती से जूझने वाला सुकमा अब सुरक्षा, विकास और पुनर्वास के समन्वित प्रयासों के साथ बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। इसी बदलते सुकमा की तस्वीर को करीब से समझने के लिए चेन्नई से आए मीडिया अध्ययन दल ने जिले में शासन की विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी अवलोकन किया।

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), चेन्नई द्वारा आयोजित मीडिया परिचय यात्रा के तहत सोमवार को पीआईबी चेन्नई के डायरेक्टर श्री अरुण कुमार पी. के नेतृत्व में मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने सुकमा बस स्टैंड, तुंगल डैम, पुनर्वास केंद्र और मिनपा कैंप का भ्रमण किया। दल ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रही सुविधाओं, पुनर्वास नीति के परिणामों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लौटती विकास की रफ्तार को करीब से जाना।

 

सुरक्षा के साथ विकास को मिल रही गति

 

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर से मुलाकात कर जिले की सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों तथा नक्सल प्रभाव से बाहर आ रहे क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। एएसपी श्री रोहित शाह ने प्रतिनिधियों को बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं से भी अवगत कराया।

 

अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि विकास की मुख्यधारा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

 

पुनर्वास नीति से बदल रही जिंदगी

 

मीडिया दल ने जिले की पुनर्वास नीति के सकारात्मक प्रभावों को भी करीब से देखा। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने बताया कि आत्मसमर्पित माओवादियों और नक्सल प्रभावित परिवारों को आवास सहित 29 से अधिक शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इसके साथ ही कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने पुनर्वासित परिवारों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। परिवारों ने बताया कि शासन की योजनाओं और सहयोग से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मीडिया प्रतिनिधियों ने पुनर्वास नीति के मानवीय और रोजगारपरक पहलुओं की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना बनी ग्रामीणों की नई जीवनरेखा

 

सुकमा बस स्टैंड पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बसों का अवलोकन किया। मीडिया प्रतिनिधियों ने ग्रामीण यात्रियों से सीधे संवाद कर परिवहन सुविधा से मिल रहे लाभों की जानकारी ली।

 

ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा से जोड़ने वाली यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने इसे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने वाली उपयोगी पहल बताया।

तुंगल कैफे में आत्मनिर्भरता की कहानी ने जीता दिल

यात्रा का सबसे प्रभावी पड़ाव तुंगल कैफे रहा, जहां प्रतिनिधियों ने रोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही महिलाओं से बातचीत की। कैफे का संचालन पांच पुनर्वासित महिलाओं और पांच नक्सल पीड़ित परिवारों की सदस्यों द्वारा मिलकर किया जा रहा है।

इन महिलाओं ने मीडिया दल के साथ अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह रोजगार के अवसरों ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का हौसला दिया है। महिलाओं की संघर्ष से आत्मनिर्भरता तक की यात्रा ने प्रतिनिधिमंडल को प्रभावित किया। तुंगल कैफे पुनर्वास नीति के उस मानवीय पक्ष को सामने लाता है, जिसमें प्रभावित परिवारों को केवल सहायता नहीं बल्कि सम्मानजनक आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

मिनपा और पुनर्वास केंद्र में देखी बदलाव की तस्वीर

सुकमा के पुनर्वास केंद्र और मिनपा कैंप के भ्रमण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों और पुनर्वासित परिवारों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे जमीनी बदलावों, शासन की योजनाओं की पहुंच और सुरक्षा के बेहतर वातावरण के बीच विकसित हो रही नई संभावनाओं को समझा।

चेन्नई से आए मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने सुकमा में सुरक्षा, विकास, पुनर्वास और जनकल्याण के समन्वित प्रयासों को बदलाव की मजबूत आधारशिला बताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि सुकमा की बदलती तस्वीर यह संदेश देती है कि दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाकर विकास की नई राह बनाई जा सकती है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी श्री शंकर बघेल, सहायक नोडल अधिकारी श्री सुखसागर वारे, डीएसपी सुकमा श्री सौरभ उइके सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज