मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का किया शिलान्यास एवं शुभारंभ

जांजगीर-चांपा / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के अंतर्गत 2,225.44 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत 774 सड़कों (कुल लंबाई 2,426.875 किमी) के निर्माण कार्यों के साथ अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया।जिला पंचायत सभा कक्ष में वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. श्रीमती सत्यलता मिरी, उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, सदस्य श्री राजकुमार साहू, सुश्री आशा साव, श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर, श्री विवेका गोपाल, श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के अंतर्गत 2,225 करोड़ रुपये की लागत से 774 सड़कों का एक साथ भूमिपूजन किया गया है। लगभग 2,427 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण से 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा प्राप्त होगी, जिससे ग्रामीण जनजीवन में व्यापक परिवर्तन आएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. श्रीमती सत्यलता मिरी ने कहा कि आज जशपुर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा सड़क निर्माण कार्यों एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार आम नागरिकों तक सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत की मजबूत आधारशिला गांवों के विकास से ही संभव है। वर्तमान समय में डिजिटल सेवाओं का महत्व तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। जिले में कुल 31 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ सरलता से प्राप्त होगा।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है