मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना बनी शहरी गरीबों के लिए संजीवनी, 22,495 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

रायपुर , 23 जून 2026 / मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजनामुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीब एवं स्लम बस्तियों में रहने वाले नागरिकों के लिए प्रभावी स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में उभर रही है। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सूरजपुर जिला के नगर पंचायत जरही में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों ने हजारों जरूरतमंद परिवारों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत जरही में अब तक 463 स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से 22,495 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। प्रत्येक शिविर में औसतन 49 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। योजना के अंतर्गत 5,635 लैब जांचें की गईं तथा 19,395 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका।

गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान से बढ़ी स्वास्थ्य सुरक्षा

मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत गैर-संचारी एवं गंभीर रोगों की शीघ्र पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में 536 नागरिकों की शुगर जांच की गई, जिनमें 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 लोगों का रक्तचाप परीक्षण किया गया, जिसमें 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप एवं शुगर संबंधी समस्याओं से ग्रसित पाए गए। चिन्हित सभी मरीजों को आवश्यक उपचार, निःशुल्क दवाइयां एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया, जिससे रोगों की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान और नियंत्रण संभव हो सका।

घर के पास स्वास्थ्य सुविधा से बढ़ा भरोसा

स्वास्थ्य शिविरों में नागरिकों को रक्तचाप परीक्षण, शुगर जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक उपचार जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे अस्पतालों तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों में कमी आई है और शहरी गरीब परिवारों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सूरजपुर जिले के जरही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है। यह योजना न केवल लोगों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध करा रही है, बल्कि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  

टॉप स्टोरीज