छुईखदान। क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम ने लोगों की सेहत पर गहरा असर डालना शुरू कर दिया है। तेज गर्मी और उमस के बीच अचानक हो रही बारिश के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में इन दिनों मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालत यह है कि अस्पताल के जनरल वार्ड के सभी बेड फुल हो चुके हैं और ओपीडी में रोजाना मरीजों की लंबी कतार लग रही है।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त, वायरल बुखार, सिरदर्द, चक्कर और मलेरिया जैसे मरीज बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव और उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे मौसमी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं।
इन दिनों शादी सीजन होने के कारण भी लोगों की दिनचर्या और खानपान बिगड़ रहा है। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों और बाहर के खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं, जिसका असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। दूसरी ओर मजदूरी और खेतों में काम करने वाले श्रमिक तेज धूप और गर्म हवाओं से प्रभावित हो रहे हैं। इससे उन्हें डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और चक्कर आने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों में बच्चों की संख्या सबसे अधिक बताई जा रही है। कुछ दिनों पहले हुई रुक-रुक कर बारिश और उसके बाद तेज धूप तथा उमस ने बच्चों की सेहत पर ज्यादा असर डाला है। वायरल बुखार और पेट संबंधी बीमारियों के चलते अभिभावक बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में बढ़ा दबाव
मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ गया है। गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि सामान्य मरीजों को प्राथमिक उपचार और दवाइयां देकर घर भेजा जा रहा है। लगातार बढ़ती भीड़ के कारण चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है।
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान के बीएमओ डॉ. मनीष बघेल ने बताया कि शादी सीजन और मौसम में अचानक बदलाव के कारण पेट दर्द, उल्टी-दस्त और वायरल बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। अस्पताल में सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि गर्मी में ज्यादा देर धूप में न रहें, साफ और ताजा भोजन करें, अधिक मात्रा में पानी पिएं तथा बाहर के खुले खाद्य पदार्थों से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।




