कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई बहुचर्चित डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात का फरार और मास्टरमाइंड आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस चर्चित डकैती कांड में शामिल तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, विष्णु राठिया कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा का निवासी है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर, एसडीओपी विजय सिंह राजपूत तथा थाना प्रभारी एम.बी. पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
लड़की का भेष बनाकर पहुंचा था दुकान
जांच में सामने आया कि डकैती की पूरी योजना विष्णु राठिया ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बनाई थी। वारदात के दिन वह पहचान छिपाने के लिए लड़की के भेष में राज ज्वेलर्स पहुंचा था। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार विष्णु राठिया की तलाश लगातार जारी थी।
जेल में हुई थी दोस्ती, बाहर आकर रची साजिश
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले विभिन्न मामलों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी आपस में दोस्ती हुई थी। रिहा होने के बाद उन्होंने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से डकैती की योजना बनाई।
पुलिस ने जांच के दौरान डकैती से जुड़ा सामान धरमजयगढ़ क्षेत्र से भी बरामद किया है।
कर्नाटक से दबोचा गया आरोपी
गिरफ्तारी से बचने के लिए विष्णु राठिया कर्नाटक के श्री सत्य साईं जिले के हिंदुपुरम स्थित एक कंपनी में छिपकर काम कर रहा था। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद कटघोरा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कर्नाटक में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को कोरबा लाया गया है। पुलिस अब उससे डकैती से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही राज ज्वेलर्स डकैती कांड का लगभग पूरा खुलासा हो गया है।
Author: Sangam Dubey
छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय होता हुआ राजधानी से जनता तक दैनिक अखबार के साथ न्यूज पोर्टल, यूटयूब चैनल,जो दिन की छोटी बड़ी खबरों को जनमानस के बिच पहुंचाती है और सेवा के लिए तत्पर रहती है dainikrajdhanisejantatak@gmail.com





