रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 26 में शनिवार को विकास कार्यों की सौगातों की झड़ी लगी। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी। कार्यक्रम में सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल, वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 50 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि करीब 75 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मिनी माता चौक में बनेगा नया शेड
विधायक राजेश मूणत ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि मिनी माता चौक गुढ़ियारी स्थित भवन के सामने जनसुविधा के लिए नया शेड बनाया जाएगा। उन्होंने वार्ड पार्षद से प्रस्ताव मिलने पर विधायक निधि से आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि ठक्कर बापा वार्ड में 18 करोड़ रुपये की लागत से नई पानी टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। मूणत ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के बाद ही कराया जाएगा।
पिछली सरकारों की गलतियां सुधारने में लग रहा समय : महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम में पिछले तीन कार्यकालों के दौरान हुई व्यवस्थागत कमियों को सुधारने में समय लग रहा है, लेकिन वर्तमान शहर सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जल समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहती हैं।
पाइपलाइन कार्य का श्रेय लेने की हो रही कोशिश : सभापति
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि वार्ड 26 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत कार्य शुरू किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इन कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि क्षेत्र की जनता जानती है कि जल समस्या के समाधान के लिए कौन लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ठक्कर बापा वार्ड में नई पानी टंकी बनने के बाद वर्ष 2027 की गर्मियों में वार्डवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
महिलाओं के रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
विधायक मूणत ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जरूरतमंद नागरिकों को नियमानुसार ठेला एवं गुमटी उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ने की भी बात कही।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विकास कार्यों के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




