पोटकपल्ली में जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित, खेती के उपकरण, स्कूली सामग्री, साड़ी, कंबल और खेलकूद सामग्री का किया वितरण
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर 212 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा किष्टाराम एक्सिस के पोटकपल्ली क्षेत्र में स्थानीय आदिवासी समुदाय के बीच जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण आदिवासी समुदाय के साथ आत्मीय संबंध मजबूत करना तथा उनके प्रति सम्मान, सहयोग और विश्वास की भावना को बढ़ावा देना रहा।
212 बटालियन CRPF के कमांडेंट श्री विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। इस दौरान खेती-किसानी से संबंधित सामग्री, स्कूल बैग, स्टेशनरी, कंबल, साड़ी, खेलकूद सामग्री एवं बर्तन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान CRPF अधिकारियों एवं जवानों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा क्षेत्र की परिस्थितियों की जानकारी ली। जवानों ने ग्रामीणों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों ने CRPF के इस मानवीय एवं जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के पश्चात ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।
आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना 212 बटालियन का उद्देश्य
कमांडेंट विजय कुमार वर्मा ने कहा कि 212 बटालियन नक्सलियों के मंसूबों पर लगातार चोट करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बटालियन का उद्देश्य आदिवासी समुदाय को विकास और मुख्यधारा से जोड़ना है। समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक सहयोग पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सुरक्षा बल और स्थानीय ग्रामीणों के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूत करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने CRPF की पहल को क्षेत्र के लिए सकारात्मक और उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में श्री शमीमुद्दीन शेख, द्वितीय कमान अधिकारी (प्रशासन), श्री दिनेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी (परिचालन), श्री गौरव शर्मा, उप कमांडेंट, श्री राकेश लाम्बा, सहायक कमांडेंट सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






