छुईखदान। नगर के बाजार लाइन चौक स्थित प्राचीन शनि मंदिर में शनि जयंती का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शनिदेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव को तिल तेल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर को आकर्षक फूल-मालाओं एवं रंगीन सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। भक्तों द्वारा लगाए गए “जय शनिदेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शनि जयंती के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, हवन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। पंडित सुरेंद्र तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से हवन पूजन संपन्न कराया। हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर भगवान शनिदेव से सुख-शांति एवं न्याय की प्रार्थना की। इसके बाद आयोजित सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शनि मंदिर समिति के सदस्य संजय महोबिया ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शनि जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर में दर्शनार्थियों का आना-जाना लगातार जारी रहा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा तिल तेल, सिंदूर, कुमकुम, काजल, गुलाल एवं नीले-काले रंग के पुष्प भगवान शनिदेव को अर्पित किए गए। धार्मिक मान्यता के अनुसार शनि जयंती पर शनिदेव की पूजा करने से जीवन के कष्टों एवं बाधाओं से मुक्ति मिलती है तथा न्याय एवं शुभ फल की प्राप्ति होती है।
पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में खिचड़ी, आलू-चना की सब्जी एवं मठा का प्रसाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। आयोजन में प्रमुख रूप से संजय महोबिया, शैलेंद्र तिवारी, उत्तम महोबिया, सोनू महोबिया, मनोज तिवारी, राजा यादव, अमित, यश महोबिया, शोभा जैन एवं शिवेंद सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।




