रायपुर। टिकरापारा थाना पुलिस ने संतोषी नगर चौक के समीप अवैध हथियार के साथ लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव जाने वाले मार्ग पर संतोषी नगर चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की। आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान थलेन्द्र साहू (20 वर्ष) निवासी ग्राम सरवदा, चौकी बिरेंझर, थाना कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ रही चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अवैध हथियार लेकर घूमने वाले तथा आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




