’सहकारी सप्ताह: कुनकुरी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया लाभ’

रायपुर, 4 जुलाई 2026 / सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारी सप्ताह के अंतर्गत जशपुर जिले में जनहितकारी गतिविधियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शनिवार को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुनकुरी के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी स्थित जनऔषधि केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की अनदेखी नहीं करने तथा समय पर उपचार लेने की सलाह दी। शिविर के दौरान नागरिकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम एवं योग, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
सहकारिता के माध्यम से जनकल्याण को मिल रही नई दिशा
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक शिविर का लाभ उठाते हुए इसे उपयोगी पहल बताया।

सहकारी सप्ताह के दौरान जिले में किसानों और आम नागरिकों के हित में स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है