रायपुर। विश्व के सबसे दुर्गम सैन्य क्षेत्र सियाचिन ग्लेशियर पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त रायपुर निवासी भारतीय सेना के द्वितीय लेफ्टिनेंट शहीद राजीव पाण्डेय को उनके 39वें शहादत दिवस पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। राजधानी के टिकरापारा स्थित संजय नगर में उनके प्रतिमा स्थल पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, परिजनों और नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान तथा जोन-6 के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन-6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, शहीद के परिजन, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, वरिष्ठजन और युवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद राजीव पाण्डेय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
गौरतलब है कि रायपुर के वीर सपूत द्वितीय लेफ्टिनेंट राजीव पाण्डेय ने 29 मई 1987 को सियाचिन ग्लेशियर की दुर्गम चोटियों पर राष्ट्रध्वज फहराते हुए मातृभूमि की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उनका साहस, समर्पण और बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान ही देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की सबसे मजबूत नींव है। शहीद राजीव पाण्डेय का नाम रायपुर ही नहीं, पूरे देश के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




