सुकमा में आंधी-तूफान का कहर: जनजीवन अस्त-व्यस्त, महिला की गाज गिरने से मौत

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा। जिले में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। नेशनल हाईवे-30 पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे पर आवाजाही सामान्य हो सकी।

आंधी-तूफान के चलते जिले के कई गांवों और कस्बों में मकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ गिरने से कई वाहन भी नुकसानग्रस्त हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित होने की खबर है।

इसी बीच ब्लॉक मुख्यालय छिन्दगढ़ के ग्राम बालाटिकरा में दर्दनाक हादसा सामने आया। आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर पेड़ जड़ से उखड़ गए। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है