सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी भीड़, मौके पर बने राशन कार्ड-आयुष्मान कार्ड, 15 हितग्राहियों को मिली आवास स्वीकृति

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर निगम जोन-9 में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जनसुविधाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ देने के लिए विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर का निरीक्षण रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया। गारमेंट फैक्ट्री पॉम बेलाजियो के सामने आयोजित शिविर में सात वार्डों के नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर आम लोगों से चर्चा की और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

अवैध नल कनेक्शन नियमित कराने की अपील

महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से अवैध नल कनेक्शनों को तत्काल नियमित कराने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम जल्द अभियान चलाकर अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों में विकास कार्य नहीं किए जाएंगे और बिना तकनीकी परीक्षण के किसी भी प्रकार के बल्क कनेक्शन नहीं दिए जाएंगे।

महापौर ने सुशासन तिहार शिविर में आवेदन पत्रों की कमी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में आवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जनता का विश्वास बना सुशासन तिहार की पहचान

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि सुशासन तिहार अब जनता के विश्वास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ता भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में आवेदन दे रहे हैं, जो इस अभियान की विश्वसनीयता को दर्शाता है।

एक माह में होगा आवेदनों का निराकरण

कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने नागरिकों से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

मौके पर ही मिली कई योजनाओं की सौगात

शिविर में विभिन्न विभागों ने तत्काल सेवाएं प्रदान कीं। परिवहन विभाग ने 12 नागरिकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए। श्रम विभाग ने पात्र हितग्राहियों को ई-श्रम कार्ड वितरित किए, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को हरी खाद के पैकेट प्रदान किए।

खाद्य विभाग ने 11 पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड जारी किए, जिनमें अंत्योदय, बीपीएल और एपीएल श्रेणियों के कार्ड शामिल रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र सौंपे गए।

स्वास्थ्य विभाग ने कई पात्र नागरिकों को आयुष्मान और वय वंदन कार्ड जारी किए, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। किशोरी बालिका योजना के तहत स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही और विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज