हर घर जल लक्ष्य पर फोकस: सुकमा से केंद्रीय सचिव ने ली प्रदेशभर के कलेक्टरों की बैठक

जल जीवन मिशन की समीक्षा, गर्मी में पेयजल संकट से निपटने पर जोर

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – प्रदेश में “हर घर जल” के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक श्री कमल किशोर सोन ने शनिवार को सुकमा कलेक्ट्रेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के कलेक्टरों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में बस्तर संभाग सहित सभी जिलों में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति, पेयजल व्यवस्था और गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मिशन संचालक श्री जितेन्द्र शुक्ला एवं बस्तर संभागायुक्त श्री डोमन सिंह भी जुड़े रहे।

जल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान के निर्देश

केंद्रीय सचिव श्री सोन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी हुई है, वहां तत्काल सर्वे कर समस्याओं को चिन्हित किया जाए और तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को पानी के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रभावित गांवों में यह जानकारी एकत्रित की जाए कि ग्रामीण वर्तमान में पानी कहां से ला रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों को मैप कर वहां ट्यूबवेल, सोलर पंप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं विकसित की जाएं।

गांव-गांव में तकनीकी सहायता का इंतजाम

बैठक में हर गांव में कम से कम एक व्यक्ति को तकनीकी प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया, ताकि बोरवेल, सोलर पंप एवं अन्य पेयजल व्यवस्थाओं में आने वाली छोटी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।

वंचित परिवारों को जोड़ने पर फोकस

जल सेवा आंकलन के माध्यम से ऐसे परिवारों की पहचान करने के निर्देश दिए गए, जो अभी तक जल जीवन मिशन से नहीं जुड़ पाए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि इन्हें प्राथमिकता के साथ योजना का लाभ दिलाया जाए।

छात्रावास और स्कूलों में शुद्ध पानी जरूरी

केंद्रीय सचिव ने आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में पानी की कमी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।

पंचायतों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश

बैठक के अंत में सभी कलेक्टरों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत जल संबंधी कार्यों की प्रभावी योजना तैयार करने को कहा गया।

बैठक में सुकमा कलेक्टर श्री अमित कुमार सहित जल जीवन मिशन के वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।

सरकार का साफ संदेश है—हर घर तक नल से जल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए जमीनी स्तर पर तेजी, निगरानी और जवाबदेही तीनों को मजबूत किया जा रहा है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज