24 घंटे में सुलझा हत्या का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। गंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 की रात करीब 12.30 बजे आशीष गरुड नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। गंभीर रूप से घायल आशीष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके बाएं हाथ, बाएं पैर और सिर पर गंभीर चोटें पाई गईं। प्रारंभिक जांच के आधार पर गंज थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।उपचार के दौरान आशीष गरुड की हालत लगातार गंभीर बनी रही और बाद में मेकाहारा अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए अपराध को हत्या के प्रकरण में परिवर्तित कर दिया।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि घटना से पहले मृतक को अंतिम बार राज नायक के साथ देखा गया था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने राज नायक की गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस को जानकारी मिली कि उसके खिलाफ लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए गंज थाना पुलिस ने एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी पुलिस की सहायता ली। संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान प्रकाश सोना उर्फ टेरा द्वारा दिए गए बयान संदिग्ध पाए गए और सीसीटीवी फुटेज में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

पुलिस की सख्त पूछताछ में राज नायक और प्रकाश सोना उर्फ टेरा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक आशीष गरुड के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाली रात इसी विवाद के कारण कहासुनी और झगड़ा हुआ, जिसके दौरान राज नायक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी साइकिल से मौके से फरार हो गए थे।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त टीम की सतर्कता, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के चलते गंभीर प्रकृति के इस हत्या प्रकरण का मात्र 24 घंटे में खुलासा संभव हो सका। मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है