प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई

कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में दोषियों पर गिरी प्रशासनिक गाज, कई कर्मचारी बर्खास्त

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा – जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा जांच दल गठित कर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितताओं के तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
कार्रवाई के तहत ग्राम पंचायत बंडा के तत्कालीन सचिव कृष्ण प्रकाश सिंह (निलंबित सचिव) को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं वर्तमान सचिव गरिमा नाग तथा जी. लक्ष्मी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक तथा जनपद पंचायत कोंटा के आवास ऑपरेटर को भी पद से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही जनपद पंचायत कोंटा के ब्लॉक समन्वयक (आवास) को कलेक्टर द्वारा अंतिम चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया था और तथ्यों के आधार पर ही यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों के अधिकारों का हनन करने या शासकीय राशि के दुरुपयोग में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही संकेत दिए गए हैं कि भविष्य में भी किसी भी शासकीय योजना में अनियमितता पाए जाने पर इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज