जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। 28 और 29 मार्च को मिनी स्टेडियम सुकमा में जिलास्तरीय “मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की जांच और उपचार करेंगे।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में आने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी असुविधा के बेहतर इलाज मिलना चाहिए। शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
यह दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर विशेष रूप से नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है, ताकि उन्हें उनके नजदीक ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, पेट संबंधी रोग, किडनी, कैंसर, बाल रोग और श्वास रोग जैसे गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे।
सबसे खास बात यह है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और मुफ्त दवाइयां प्रदान की जाएंगी। इससे उन जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब तक महंगे इलाज के कारण बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित थे।
जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल समय रहते बीमारियों की पहचान करने में मदद करेगा, बल्कि गंभीर मरीजों के लिए आगे के उपचार का रास्ता भी आसान बनाएगा।
प्रशासन और पुलिस विभाग ने जिले के अधिक से अधिक लोगों से अपील की है कि वे इस मेगा हेल्थ कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




