भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं में दिखा भारी उत्साह, सुबह 6 बजे से मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – ग्राम पंचायत रोकेल में आयोजित सरपंच पद के उपचुनाव में ग्रामीणों का लोकतंत्र के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग मतदाता सुबह 6 बजे से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए। निर्धारित समयानुसार सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। मतदान के पश्चात मतगणना की प्रक्रिया भी पूरी की गई, जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्री मनीराम बेलसरिया ने शानदार जीत दर्ज की।
ग्राम पंचायत रोकेल में कुल 1428 महिला एवं पुरुष मतदाता पंजीकृत थे। मतदान के लिए तीन पोलिंग बूथ बनाए गए थे। पूरे दिन मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीणों ने अपने-अपने समय और सुविधा के अनुसार पहुंचकर मतदान किया। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं का उत्साह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
उपचुनाव में तीन प्रमुख प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्री मनीराम बेलसरिया, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी श्री शंकर बघेल तथा बस्तरिया राज मोर्चा समर्थित प्रत्याशी सुश्री सुनीता मरकाम शामिल थीं। मतदान के दौरान तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों के बाहर शांतिपूर्ण माहौल बना रहा तथा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के बाद हुई मतगणना में भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्री मनीराम बेलसरिया ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल की। प्राप्त परिणामों के अनुसार श्री मनीराम बेलसरिया को कुल 642 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी श्री शंकर बघेल को 430 मत मिले, जबकि बस्तरिया राज मोर्चा समर्थित प्रत्याशी सुश्री सुनीता मरकाम को 55 मत प्राप्त हुए।
कुल 1170 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें से 43 मत खारिज घोषित किए गए, जबकि 1127 मत विधिमान्य पाए गए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं शुभकामनाएं देकर अपनी खुशी जाहिर की।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




